२२ गज पर "भगवान" के २४ साल
जिसे 'भगवान' ही मान लिया गया हो, तो फिर कुछ और कहने-सुनने की और मतलब निकालने की वजह ही कहां रह जाती है। सचिन तेंदुलकर अब केवल क्रिकेट के भगवान नहीं रहे, यह शख्सियत इससे कहीं आगे का सफर तय कर चुकी है। भले ही यह महान क्रिकेटर कहता आया है कि क्रिकेट ही उसका सब कुछ है, लेकिन तेंदुलकर ने जो हासिल किया है, वह केवल क्रिकेट के बूते पर ही हासिल नहीं हो सकता है। वह केवल कीर्तिमानों से भी हासिल नहीं हो सकता। क्रिकेट तो सर डॉन ब्रैडमैन से लेकर ब्रायन लारा तक, कईयों ने खेला है, लेकिन आखिर क्यों मास्टर-ब्लास्टर को ही 'द गॉड ऑफ क्रिकेट' कहा गया। आखिर क्यों पूरी दुनिया इस एक क्रिकेटर की मुरीद है। आखिर क्यों भारत की सवा अरब आबादी इस एक नाम की पूजा करती है। दो दशक से लगातार। भारत में तेंदुलकर के अलावा शायद ही कोई शख्सियत ऐसी रही है, जिसे 'भारत-रत्न' बनते देखने के लिए लोगों में इतनी उत्सुकता, इतनी उतावली है। आखिर क्यों? यही है सचिन तेंदुलकर होने का मतलब। यही वजह है कि तेंदुलकर उन तमाम सर्वोच्च सम्मानों के हकदार माने जाते हैं, जो देश उन्हें दे सकता है। राज्यसभा के लिए जब उन्हें मनोनीत किया गया तो लोगों ने कहा कि यह कांग्रेस की चाल है। इसे सचिन तेंदुलकर के नाम को भुनाने की कोशिश करार दिया गया। तेंदुलकर ने जब राज्यसभा की शपथ ग्रहण की तो सबसे पहले उन्होंने यह साफ करने में देर नहीं लगाई कि कोई कुछ भी कहे, कोई कुछ भी भुनाना चाहे, उन्हें जो मिला है वह उनके क्रिकेट की बदौलत मिला है। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उनका किसी भी तरह की राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। और यह भी कि सम्मान-सत्कार या कोई भी पद उनके लिए अहमियत नहीं रखता, सिवाय क्रिकेट के। निश्चित तौर पर यह कोई स्क्रिप्टेड बयान नहीं था। यह तेंदुलकर का सहज बोध है, जो दुनिया 22 साल से देखती-सुनती-समझती आई है। यही बात अंतर पैदा करती है। यही बात उन्हें लोकप्रिय बनाती है। आसान नहीं है सचिन तेंदुलकर होना। ऐसी छवि, ऐसा परसेप्शन बड़ी मुश्किल से बनता है। बन भी जाए तो दो दशक तक लगातार कायम नहीं रह पाता। कभी न कभी कहीं न कहीं कोई न कोई कमी आ ही जाती है। कमी न भी आए। दाग न भी लगे। लेकिन जमाना वर्तमान में जीने का आदी है। अतीत पीछे छूट ही जाता है। वर्तमान के अतीत में बदलते ही छवि पुरानी पड़ जाती है और जमाना भूल जाता है। बड़े बड़े नामों को गुमते देखा है। लेकिन सचिन तेंदुलकर वह नाम है, जो शायद ही कभी गुम हो। क्या यह नाम कभी गुम पाएगा? आज नहीं तो कल ऐसा होना ही है जब सचिन तेंदुलकर का बल्ला सदा के लिए खामोश हो जाएगा। वह क्रिकेट के मैदान पर नहीं दिखेंगे। एक सुनहरा अतीत पीछे छोड़ वह भी तमाम बड़े नामों की तरह पार्श्व में चले जाएंगे। तब नई पीढ़ी उन्हें किस रूप में याद करेगी। उसी तरह, जैसे वर्तमान पीढ़ी अतीत के बड़े नामों को याद करती है या फिर यह नाम सदाबहार बना रहेगा?


0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home