Monday, 3 March 2014

कानपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों पर हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण

एक मार्च से लगातार अखबारों में छपी खबरों से पता चला की कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक मेडिकल कॉलेज के छात्रों और वहाँ के सपा विधायक इरफ़ान सोलंकी के बीच संघर्ष को लेकर उत्तर प्रदेश की सपा सरकार की कड़ी आलोचना करता हूँ . गौरतलब है की पुलिस ने एसएसपी यशस्वी यादव की अगुआई में मेडिकल छात्रों पर बर्बरता पूर्वक होस्टलों में घुसकर लाठी चार्ज किया है . चालीस से अधिक लड़के चोटिल हुए हैं , छः लड़कों के फ्रैक्चर है , एक लड़के की मौत हो गई और एक लड़का मेदांता हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है . पुलिस ने न सिर्फ मेडिकल छात्रों पर हॉस्टल में घुसकर लाठीचार्ज किया बल्कि मीडिया कर्मियों के कैमरे तोड़ दिए और उनपर भी लाठी चार्ज किया है . कई पत्रकारों को भी गंभीर चोटें आई हैं . नूतन ठाकुर जो खुद आईपीएस की पत्नी हैं और जनहित के मुद्दों पर अक्सर याचिकाएं दायर करती रहती हैं , उन्होंने मेडिकल कॉलेज की स्थिति का जायजा लेने के बाद एसएसपी यशस्वी यादव की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के विरुद्ध मानवाधिकार अध्यक्ष को लिखा है . इसके बावजूद दैनिक हिंदुस्तान जैसे बड़े अखबार , विधायक द्वारा बना कर दी गई रिपोर्ट को ही प्रकाशित कर रहे हैं और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने पूरी घटना को ही बाइपास कर दिया तो वजह समझ में आती है .
उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी सारी हदें पार कर चुकी है . नेता कुछ भी करने के लिए स्वतन्त्र हैं , एसएसपी यशस्वी यादव ने यह सिद्ध कर दिया कि सत्ता का वरदहस्त उनके ऊपर हो तो उनके जैसे अफसर हिटलर और मुसोलिनी को भी पीछे छोड़ सकते हैं . इन्हीं इरफ़ान सोलंकी विधायक ने 16 जून को आईएएस अधिकारी रितु माहेश्वरी के ऑफिस में घुस कर गुंडागर्दी की जिसकी उन्होंने रिपोर्ट लिखाई और 17 जून को उन्हें अरेस्ट किया गया . इस खबर की वीडियो क्लिप इंडिया टीवी पर पड़ी है . कुछ महीने पहले ही रामपुर में एक चिकित्सक की सरकारी गुंडों ने पिटाई की . उनका कहना था कि वह प्राइवेट प्रैक्टिस करता था .
डा . रामप्रकाश अनंत के अनुसार बात यह थी कि कुछ लोग आधी रात को शव लेकर आए और वे रात को ही उसका पोस्टमॉर्टम कराना चाहते थे . शाम पांच बजे के बाद पोस्टमॉर्टम करना नियम के विरुद्ध है यानी पोस्टमॉर्टम दिन की अच्छी रौशनी में ही किया जाता है . कुछ विशेष परिस्थितियों में जिलाधिकारी की अनुमति पर रात को पोस्टमॉर्टम किया जा सकता है . इस पोस्टमॉर्टम के साथ ऐसी कोई विशेष परिस्थिति नहीं थी पर वे लोग अपने राजनीतिक दबाव से ज़िलाधिकारी से अनुमति ले आए . रात में डॉक्टर को कॉल किया . डॉक्टर को आने में थोड़ा विलम्ब हुआ तो नेताजी ने इमरजेंसी में काम कर रहे डॉक्टर को पीट दिया . ये कुछ उदहारण मात्र हैं उत्तर प्रदेश की क़ानून व्यवस्था के .
ये छात्र कानपुर मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई करने आए हैं . विधायक के रुतबे के लिए एसएसपी ने न सिर्फ उनके साथ बर्बरता की है बल्कि प्रोफेसरों के साथ भी मारपीट की है . तमाम छात्रों पर फर्जी मुक़द्दमे लगाकर उन्हें बंद कर रखा है . मामले के विरोध में मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन व इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने शासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि हिरासत में लिए गए सभी 24 मेडिकल छात्रों की बिना शर्त रिहाई व एसएसपी यशस्वी यादव और विधायक सोलंकी को निलंबित कर उन पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाए . ऐसा नहीं हुआ तो हम सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे .
डॉक्टरों की हड़ताल और उनके कड़े रुख को देखते हुए विधायक इरफान सोलंकी ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया से विशेष बातचीत मेंसफाई देते हुए कहा की - मेरी कोई गलती नहीं है , अगर ये सब मेरी वजह से हो रहा है तो मैं कॉम्प्रोमाइज करने के लिए तैयार हूं .
सारे मामले को विभिन्न पहलुओं से देखते हुए उत्तर प्रदेश की बर्बर कानून व्यबस्था की कड़े शब्दों में आलोचना करता हूँ . और आशा करता हूँ की अखिलेश सरकार अपने राज्य में हो रहे नेताओं की गुंडागर्दी का जल्द - से - जल्द खात्मा करेंगें और दोषी विधायक पर कड़ी - से - कड़ी कार्यवाही करेंगें . जब हमारे समाज के डॉक्टर ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो फिर स्वस्थ समाज की कल्पना कभी संभव नहीं होगी

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home